
अंबाला छावनी | 21 जनवरी
अम्बाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1-ए पर मंगलवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब एक ठेला संचालक के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। रेलवे पुलिस थाना अम्बाला कैंट ने एक नामज़द आरोपी सहित 7–8 अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सतीश कुमार पुत्र सुखबीर सिंह, निवासी मकान नंबर 465, लाल कुर्ती बाजार, अम्बाला कैंट, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1-ए पर स्टॉल नंबर 85 (ट्रॉली) का संचालन करते हैं।
पीड़ित के अनुसार मंगलवार तड़के करीब सुबह 4 बजे कुछ युवक उनकी ट्रॉली के पास यात्रियों के साथ झगड़ा कर रहे थे। सतीश कुमार ने स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए बीच-बचाव किया और युवकों को वहां से जाने को कहा, जिसके बाद वे मौके से चले गए।
लेकिन कुछ समय बाद वही युवक 7–8 की संख्या में दोबारा लौटे और सतीश कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा।
मारपीट के बाद आरोपी जाते-जाते शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देते हुए बोले —
“पंचायती आदमी बनने का मजा चखाएंगे।”

काल्पनिक चित्र
घटना के बाद घायल सतीश कुमार इलाज के लिए सिविल अस्पताल अम्बाला कैंट पहुंचे। इसी दौरान मारपीट में शामिल एक युवक उन्हें अस्पताल के बाहर दिखाई दिया, जिसे पकड़कर उन्होंने रेलवे पुलिस थाने में पेश किया और लिखित शिकायत दी।
पुलिस के अतिरिक्त उप निरीक्षक करन सिंह, मुख्य सिपाही रविन्द्र कुमार 1317 तथा रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स अम्बाला के सिपाही नवीन के समक्ष शिकायत, चिकित्सीय रिपोर्ट व प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला सही पाया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गौतम पुत्र सोनू, निवासी मकान नंबर 248, गणेश विहार, अम्बाला छावनी, उम्र 19 वर्ष, के रूप में हुई है। वहीं अन्य 7–8 युवक अज्ञात हैं, जिनकी पहचान होने पर गिरफ्तारी की जाएगी।
रेलवे पुलिस थाना अम्बाला कैंट में गौतम सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सा रिपोर्ट के आधार पर आगे और धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। मामले की जांच जारी है।
