समग्र शिक्षा के अंतर्गत राजस्थान भ्रमण से छात्रों को विज्ञान, इतिहास और संस्कृति की मिली गहरी समझ


अंबाला।
हरियाणा स्कूल परियोजना परिषद, समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्रदेश के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं रिसोर्स पर्सन के लिए राजस्थान के विभिन्न ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का चार दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह भ्रमण यात्रा 19 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के रहने, खाने एवं यात्रा की सभी व्यवस्थाएँ पूरी तरह निःशुल्क एवं सुव्यवस्थित रूप से की गईं। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराना रहा।

विद्यार्थी अंबाला कैंट से बस द्वारा जयपुर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान बच्चों ने गीत-संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ सफर का आनंद लिया। जयपुर पहुँचने के पहले दिन विद्यार्थियों ने आमेर फोर्ट, कनक गार्डन, संजय शर्मा संग्रहालय तथा विभिन्न मंदिरों का भ्रमण किया, जिससे उन्हें राजस्थान के गौरवशाली इतिहास एवं समृद्ध संस्कृति की जानकारी प्राप्त हुई।

दूसरे दिन विद्यार्थियों ने विश्व प्रसिद्ध जंतर-मंतर का भ्रमण किया, जहाँ उपस्थित वैज्ञानिक यंत्रों के माध्यम से समय, ग्रहों की स्थिति और खगोलीय गणनाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने यहाँ विज्ञान से संबंधित पोस्टर भी तैयार किए। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने हवा महल का भ्रमण किया, जिसकी अनोखी वास्तुकला और सैकड़ों खिड़कियाँ बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं।
तीसरे दिन विद्यार्थी पुष्कर पहुँचे, जहाँ उन्होंने विश्व के एकमात्र ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए। यह स्थल विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं आध्यात्मिक अनुभव से भरपूर रहा।
इस भ्रमण यात्रा से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कक्षा 12 की छात्रा आरती ने बताया कि जंतर-मंतर में वैज्ञानिक यंत्रों के माध्यम से समय और ग्रहों की जानकारी प्राप्त करना बेहद रोचक रहा। वहीं कक्षा 11 की छात्रा दिव्या ने कहा कि हवा महल से पूरे शहर का दृश्य देखकर वे अत्यंत रोमांचित हो गईं।
विद्यार्थियों ने इस सफल शैक्षिक भ्रमण के लिए माननीय मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, डायरेक्टर, स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सोनाली, डीपीसी अंबाला, एपीसी हरजिंदर तथा टूर नोडल पर्सन अमर राणा का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
