


📍 अंबाला | बलदेवनगर
अंबाला के बलदेवनगर इलाके में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंडीगढ़ हाईवे के पास सर्विस लेन में खड़े एक टैंकर में अचानक आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि वेल्डिंग का काम कर रहे लखविंदर नामक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैंकर में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक चिंगारी भड़क उठी, जिससे टैंकर में आग लग गई। आग लगते ही टैंकर में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे लखविंदर बुरी तरह झुलस गया। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


सूचना मिलते ही बलदेवनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बलदेवनगर थाना के एसएचओ धर्मवीर ने बताया कि वेल्डिंग के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि मृतक लखविंदर पूरी तरह झुलस चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी। शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
एसएचओ धर्मवीर ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मी बच्चन सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
