

अंबाला। एसटीएफ अंबाला और एसटीएफ हरियाणा को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा स्थित जुवेनाइल होम से फरार हुए दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को अंबाला रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को बाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी एसटीएफ विक्रांत भूषण ने बताया कि आरएस पुरा जुवेनाइल होम से कुल तीन आतंकी फरार हुए थे, जिनमें दो पाकिस्तानी और एक भारतीय शामिल था। अंबाला एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए दोनों पाकिस्तानी आतंकियों को स्टेशन परिसर से दबोच लिया।
गिरफ्तार आतंकियों की पहचान मोहम्मद सनुला (20 वर्ष) और अहसान अनवर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पाकिस्तान के निवासी बताए गए हैं। इनमें से एक वर्ष 2019 और दूसरा वर्ष 2021 से जुवेनाइल होम में बंद था।
एसपी एसटीएफ के अनुसार तीसरा फरार आरोपी करमजीत उर्फ गुग्गा भारतीय नागरिक है, जिसे इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करमजीत उर्फ गुग्गा दोनों पाकिस्तानी आतंकियों को उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल बॉर्डर से देश से बाहर भेजने की योजना बना रहा था।
फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की गहन पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

