
बीमार चल रहे अनिल विज से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना, शॉल भेंटकर किया सम्मान
अंबाला छावनी
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के अंबाला छावनी स्थित आवास पर आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पहुंचकर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने विज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज, उनके भाई राजिंद्र विज और कपिल विज ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पारंपरिक सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री को शॉल भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया। मुलाकात के दौरान प्रदेश के विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अनिल विज प्रदेश की राजनीति में एक वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता हैं और उनके मार्गदर्शन से सरकार को निरंतर मजबूती मिलती रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विज शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान समर्थकों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

