

अंबाला छावनी, होली विशेष:
होली के पावन पर्व की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब अंबाला छावनी के रामबाग रोड स्थित दशहरा ग्राउंड के सामने एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली का त्योहार शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ अपने परिवार के बीच मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
