
विकास कार्यों में बाधा डालने वालों को दी चेतावनी, बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया शिलान्यास

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री Anil Vij ने कहा कि उन्होंने अम्बाला छावनी के विकास के लिए जी-जान लगाई है और वह आखिरी सांस तक विकास कार्यों के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने यह बात रविवार को बब्याल स्थित संत शिरोमणि रविदास मंदिर के निकट आयोजित कार्यक्रम में कही, जहां उन्होंने टांगरी बांध पर बब्याल से रामगढ़ माजरा तक स्टोन पीचिंग कार्य तथा महेशनगर पंप हाउस की इमारत के पुनर्निर्माण एवं फ्लड गेट लिफ्टिंग कार्य का शिलान्यास किया।
मंत्री अनिल विज ने बताया कि बब्याल से पंजाब बॉर्डर तक कुल 7.34 करोड़ रुपये की लागत से स्टोन पीचिंग का कार्य किया जाएगा। वहीं महेशनगर पंप हाउस के पुनर्निर्माण और फ्लड गेट ऊंचा करने के कार्य पर 2.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष टांगरी नदी में लगभग 43 हजार क्यूसिक पानी आने से इंडस्ट्रियल एरिया की ओर नुकसान हुआ था, जिसके बाद नदी की खुदाई और पानी निकासी को बेहतर बनाने के प्रयास शुरू किए गए।
विकास कार्यों में रुकावट डालने वालों को चेतावनी
ऊर्जा मंत्री ने मंच से कुछ लोगों पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ ताड़कावादी लोग टांगरी नदी की खुदाई और इंडस्ट्रियल एरिया के सुरक्षा कार्यों में रुकावट पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि कार्यों में देरी न हो और बरसात से पहले जरूरी योजनाएं पूरी कर ली जाएं।
58 करोड़ की स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना मंजूर
अनिल विज ने बताया कि अम्बाला छावनी के अन्य क्षेत्रों में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डालने के लिए 58 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा महेशनगर ड्रेन को पक्का करने के लिए भी 24 करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर में पानी निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।
बैंक स्क्वेयर और ईवी बस सेवा पर भी बोले विज
मंत्री अनिल विज ने कहा कि बैंक स्क्वेयर के दूसरे चरण के लिए 58 करोड़ रुपये के टेंडर लगाए जा चुके हैं। यहां 32 बैंक और कई बड़ी कंपनियों के शोरूम बनाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अम्बाला की लोकल बस सेवा सफल रही है और आने वाले समय में सभी बसों को ईवी में बदला जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर और प्रदूषण मुक्त सुविधा मिल सके।
