
“कुंभकरण भी 6 महीने में जाग जाता था, तुम सालभर बाद जागते हो…” : अधिकारियों पर बरसे मंत्री अनिल विज
अम्बाला में अनिल विज का ‘एक्शन मोड’: बाढ़ नियंत्रण में ढिलाई पर अधिकारियों की लगाई क्लास, कहा- कागजों में नहीं, जमीन पर दिखे काम
टांगरी नदी और नालों की सफाई में जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों से किए सवाल, बैठक में लगाई फटकार
अंबाला, 06 जून – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने शनिवार को अम्बाला छावनी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की कड़ी क्लास लगाई। बैठक में नगर परिषद, सिंचाई विभाग, रेलवे, कैंटोनमेंट बोर्ड, नेशनल हाईवे अथॉरिटी समेत कई विभागों के अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर जवाब तलब किया। उनके सवालों पर तो कई अधिकारी बगले झांकते नजर आए।
ऊर्जा मंत्री श्री विज ने बरसात से पहले टांगरी नदी, नालों की सफाई, ड्रेनों के निर्माण, पानी निकासी और बाढ़ नियंत्रण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिम्मेदार विभाग समय पर नहीं जागे। उन्होंने तलख अंदाज में कहा, “कुंभकरण भी छह महीने बाद नींद से जाग जाता था, लेकिन यहां कुछ विभाग तो एक साल बाद जागते हैं।”
बैठक में डीसी अजय तोमर, सीईओ कैंटोनमेंट बोर्ड राहुल आनंद शर्मा, सिंचाई विभाग से एसई मनीष भारद्वाज, पीडब्ल्यूडी से एसई भूपेंद्र सिंह, नप ईओ देवेन्द्र नरवाल, जीएम रोडवेज अश्विनी डोगरा, जनस्वास्थ्य विभाग से एक्सईएन हरभजन सिंह सहित नेशनल हाईवे, रेलवे सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गुडगुडिया नाले पर तीन विभागों के अफसरों से सवाल, पूछा- अब तक सफाई क्यों नहीं?
बैठक में गुडगुडिया नाले की सफाई के लिए जिम्मेदार नगर परिषद, कैंटोनमेंट बोर्ड और रेलवे अधिकारियों से कड़े सवाल पूछे गए। विज ने पूछा कि बरसात सिर पर है, फिर भी व्यापक स्तर पर सफाई कार्य क्यों शुरू नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि कागजों में नहीं, जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।
“मैं खुद मौके पर ले जाकर दिखाऊंगा हकीकत” : अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को आईना दिखाते हुए कहा कि बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए जिम्मेदार अफसरों को वह स्वयं विभिन्न स्थलों पर ले जाकर बताएंगे कि वास्तविक स्थिति क्या है और कितना काम अभी बाकी है। बैठक के बाद उन्होंने कई बिंदुओं पर ग्राउंड रियलिटी का भी जायजा लिया।
सिंचाई विभाग की खिंचाई, मंत्री अनिल विज ने अधूरे कामों पर जताई नाराजगी
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से चंद्रपुरी से मच्छौंडा तक ड्रेन से टांगरी नदी में पानी निकासी के लिए डाली गई भूमिगत पाइपलाइन पर आपत्ति जताई और कहा कि पूर्व में भी इस पानी लाइन को लिफ्ट कर नदी में पानी छोड़ने के लिए कहा गया था जोकि अब तक पूरा नहीं हतुआ है। उन्होंने महेशनगर ड्रेन के अधूरे कार्यों पर अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा ड्रेन का निर्माण पूर्व में आईआईटी रूड़की द्वारा डिजाइन किया गया था आगे भी ड्रेन उसी डिजाइन के हिसाब से बनाई जाए।
उन्होंने टांगरी नदी के संकरे होते बहाव क्षेत्र पर भी उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि पीछे से चौड़ी नदी शहर में आते-आते छोटी हो जाती है, जिससे जल प्रवाह प्रभावित होता है और बाढ़ का खतरा बढ़ता है।
इंडस्ट्रियल एरिया की दीवार टूटने का मामला भी उठा
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को याद दिलाया कि पिछले वर्ष इंडस्ट्रियल एरिया की दीवार तोड़े जाने से पानी अंदर घुस गया था। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस बार ऐसी स्थिति न बने और जरूरत पड़े तो पुलिस सुरक्षा भी लगाई जाए। साथ ही चारदीवारी निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी से भी मांगा जवाब
जगाधरी रोड क्षेत्र में पानी निकासी को लेकर मंत्री विज ने एनएचएआई अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने कहा कि टांगरी और बेगना नदी के बीच पानी का बहाव बाधित होता है और भारी बारिश में समस्या पैदा होती है। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और बरसात से पहले कार्य पूरा करने का भरोसा दिया।
दिल्ली होटल अग्निकांड का जिक्र कर दी चेतावनी
बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने हाल ही में दिल्ली के एक होटल में आग लगने से हुई जनहानि का उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार विभागों की लापरवाही भी जिम्मेदार होती है। उन्होंने कहा कि अम्बाला में भी बाढ़ नियंत्रण को लेकर किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा जिम्मेदारी अधिकारी अपने कार्यों को गंभीरता से करें ताकि समय रहते कार्य हो और जनता को नुकसान से बचाया जा सके।
अतिक्रमण, सफाई और पार्किंग पर भी सख्त निर्देश
बैठक के दौरान मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने, गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग डस्टबिन में डालने तथा सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे रोड व एसडीएम कार्यालय के आसपास अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने व इलाके में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने को कहा ताकि बरसातों के समय पानी निकासी सुचारू रूप से होती रहे।
