
नववर्ष पर पुस्तकालय में रीडिंग सैक्शन के उद्घाटन अवसर पर यज्ञ का आयोजन

पुस्तकालय रीडिंग सैक्शन अध्ययन क्षमता बढ़ाने में सहायक: डॉ. आर्य
यज्ञ सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का स्त्रोत: डॉ. अनुपमा आर्य
आर्य गर्ल्ज कॉलेज, अम्बाला छावनी के पुस्तकालय द्वारा नववर्ष के शुभारंभ और पुस्तकालय में छात्राओं के लिए रिडिंग सैक्शन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य द्वारा रिडिंग सैक्शन का रिबन काटकर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान का प्रकाश फैलाने में पुस्तकालय का महत्वपूर्ण योगदान है और एक पृथक रिडिंग सैक्शन पाठकों के लिए नई ऊर्जा और समर्पण का स्त्रोत बनेगा। इस सैक्शन में छात्राएं अपनी व्यक्तिगत अध्ययन सामग्री का भी प्रयोग कर सकेंगी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे यू.पी.एस.सी., एस.एस.सी., सी. टेट, नेट इत्यादि की तैयारी कर रही छात्राओं को पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री के साथ शांत और अध्ययन के लिए उपयुक्त वातावरण भी उपलब्ध होगा। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी और छात्राओं में अध्ययन रूचि विकसित होगी और बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद मिलेगी। इसके साथ उन्होंने नववर्ष के अवसर पर सभी छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. प्रिया शर्मा ने प्राचार्या महोदया द्वारा पुस्तकालय में अलग रिडिंग सैक्शन बनवाने के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस सैक्शन में छात्राएं एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकेंगी और इससे महाविद्यालय की छात्राओं में अध्ययन रूचि को बढ़ावा मिलेगा और वे अपने समय का सदुपयोग कर सकेंगी। इसके पश्चात् महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनपुमा आर्य, स्टाफ सदस्यों और छात्राओं ने मिलकर नववर्ष के अवसर पर यज्ञ में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चारण और यज्ञ के साथ पूरे वातावरण में अध्यात्मिकता का संचार हुआ। प्राचार्या महोदया ने कहा कि नववर्ष का आरंभ धार्मिक और शुभ कार्यों के साथ करना हमारी परम्परा और संस्कृति को सजीव बनाए रखने का उत्तम प्रयास है। यज्ञ जीवन का सर्वश्रेष्ठ कर्म है। यज्ञ की महिमा वेद, उपनिषद, ग्रंथ, गीता आदि सभी शास्त्रों में प्रतिपादित की गई है। यज्ञ से जहां सकारात्मकता और प्रेरणा मिलती है। ये पर्यावरण को भी शुद्ध करता है। नई शिक्षा नीति के अनुसार परीक्षाएं भी आरंभ हो रही हैं। इस समय यज्ञ का आयोजन छात्राओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा और परीक्षा परिणामों में भी सुधार लाएगा। इसके साथ उन्होंने छात्राओं के उज्जवल भविष्य के लिए कामना की। यज्ञ के पश्चात् प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ जिसमें पुस्तकालय के महत्व और संस्कारों को बढ़ावा देने का वाद किया गया।
