अम्बाला, 13 मई:
आज अम्बाला के राय मार्केट स्थित बिजली बोर्ड नंबर 2 में कर्मचारियों ने आधे घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य कारण बोर्ड के SDO (सहायक अभियंता) के कथित तानाशाही रवैये को लेकर था।
कर्मचारियों का आरोप है कि गर्मी के मौसम में वैसे ही काम का दबाव अधिक होता है, ऊपर से SDO नंबर 2 द्वारा तय प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए सीधे कर्मचारियों को फोन कर काम पर बुलाया जाता है। आमतौर पर यह जिम्मेदारी इंचार्ज के माध्यम से निभाई जाती है, लेकिन नियमों को नजरअंदाज करते हुए कर्मचारियों पर सीधा दबाव बनाया जा रहा है।
गुरमीत सिंह सब युनिट सेक्रट्री :
“गर्मी के मौसम में ट्रांसफॉर्मर और लाइन की शिकायतें वैसे ही बहुत ज्यादा होती हैं। अगर बिना उचित सूचना या अनुमति के कर्मचारियों को बुलाया जाएगा, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।”
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि SDO का यह तानाशाही तरीका न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह बोर्ड के कार्य संचालन में भी अव्यवस्था फैला रहा है।
कर्मियों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही इस मामले में संज्ञान नहीं लिया और SDO के रवैये पर रोक नहीं लगाई गई, तो आगे आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है।