

अंबाला, 9 सितम्बर।
सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल के आदेशों पर तथा डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सीमा की देखरेख में आज नागरिक अस्पताल अंबाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर 100 टीबी मरीजों को इनर व्हील क्लब ऑफ अंबाला के सहयोग से राशन वितरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ पोषण सहयोग उपलब्ध करवाना रहा, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें और बीमारी से पूरी तरह छुटकारा पा सकें।
नागरिक अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर अस्पताल की ओर से डॉ. नीनू गांधी, डॉ. हरमनप्रीत सिंह, डॉ. निरुपमा, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक हरीश कुमार तथा पीपीएम मीना देवी ने अपनी अहम भूमिका निभाई। वहीं इनर व्हील क्लब ऑफ अंबाला से प्रेजिडेंट सुशील मलिक, सेकेटरी रमन गुलाटी, एडिटर नीलम ठुकराल, शारदा जोशी, नील कमल खेड़ा और सविता विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की थीम “पक्के इलाज का पक्का वादा – डॉट्स” रही। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मौके पर मौजूद लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते इसका इलाज समय पर और नियमित रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी बनी रहती है, बुखार आता है, रात में पसीना आता है, भूख नहीं लगती और वजन लगातार घट रहा है, तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. पूजा पेंटल ने कहा कि टीबी उन्मूलन सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पोषण और सही समय पर दवाई लेना टीबी से लड़ाई जीतने के लिए बेहद जरूरी है। इनर व्हील क्लब द्वारा मरीजों को राशन उपलब्ध करवाना न केवल सराहनीय है बल्कि इससे मरीजों के इलाज की सफलता सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने टीबी मरीजों को प्रोत्साहित किया और उन्हें दवाई समय पर व नियमित रूप से लेने का महत्व समझाया। अंत में उपस्थित लोगों ने “टीबी को जड़ से खत्म करने” का संकल्प लिया और शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि समाज के हर वर्ग को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए, ताकि देश से टीबी को पूरी तरह समाप्त किया जा सके और भारत को स्वस्थ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
