
संकीर्तन, केक कटिंग और भंडारे के साथ मनाया गया कार्यक्रम, संगत ने नववर्ष की शुरुआत गुरू के आशीर्वाद से की
अंबाला शहर, 01 जनवरी 2026:
अंबाला शहर के रामनगर स्थित गद्दी टिल्ला श्री गुरू गोरखनाथ जी मठ में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नए वर्ष के शुभ आगमन पर वीरवार को श्री श्री 108 पीर पारसनाथ जी महाराज का जन्मदिन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

सेवादार नत्थाराम ने बताया कि सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नारायणगढ़ के अपना म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें शेखर त्रिवेदी ने अपनी टीम के साथ गुरु महिमा का गुणगान किया।
उन्होंने “हे गुरुदेव प्रणाम आपके चरणों में”, “जन्मदिन की तुम्हें बधाई देने आए हैं”, “गुरुवर तुमसे इतना है कहना, चरणों में तुम्हारे रहना” जैसे भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान केक काटा गया, इसके पश्चात श्री श्री 108 पीर पारसनाथ जी महाराज ने संगत को आशीर्वाद प्रदान किया और प्रसाद वितरित किया। इस मौके पर उत्तराधिकारी मनसनाथ जी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। संगत ने नए वर्ष की शुरुआत गुरु के आशीर्वाद के साथ की। अंबाला के अलावा अन्य जिलों और राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
