
अंबाला 24 अप्रैल 2026। नगर निगम चुनाव को लेकर अंबाला में सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी की मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी ने सोमवार को भारी समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान शहर में भाजपा का जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
इस मौके पर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नगर निगमों और मेयर पदों पर भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि जनता विकास कार्यों के आधार पर भाजपा के साथ खड़ी है।
अनिल विज ने पश्चिम बंगाल में हो रही भारी वोटिंग को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देशभर में मोदी सरकार की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और इसका असर चुनावों में साफ दिखाई देगा।
कार्यक्रम में दिल्ली से कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, अंबाला नगर निगम चुनाव प्रभारी रणबीर गंगवा और पूर्व मंत्री असीम गोयल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में भाजपा की लहर चल रही है और पार्टी तीनों स्थानों पर शानदार जीत दर्ज करेगी।
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा है, जिसके चलते जनता का समर्थन भाजपा के साथ मजबूती से बना हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान भी किया।
नामांकन के दौरान नेताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि भाजपा इस चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ रही है और जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है।
