
अंबाला छावनी के रानी बाग स्थित श्री दुर्गा मंदिर में चैत्र शुक्ल द्वादशी के पावन अवसर पर भव्य श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भजन-कीर्तन का आनंद लेते हुए श्याम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान भजन गायक कुमार विकास (अंबाला) और रिंकी सिंघ (कैथल) ने अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं कर्ण म्यूजिकल ग्रुप (अंबाला) द्वारा प्रस्तुत संगीत ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन प्रभु की आरती के साथ हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया।
