पुलिस से बचने के दौरान तस्करों ने चलाई गोलियां, ड्यूटी से लौट रहे युवक की गोली लगने से गई जान

अंबाला, 2 मई अंबाला के टूंडला गांव के पास गौ तस्करों का आतंक देखने को मिला, जहां पुलिस और तस्करों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव गरनाला निवासी गुरप्रीत के रूप में हुई है, जो देर रात ड्यूटी खत्म कर अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात गौ तस्करों की गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान गुरप्रीत और उसका साथी वहां से गुजर रहे थे और गोलीबारी की चपेट में आ गए। गुरप्रीत के सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सिविल अस्पताल पहुंच मृतक परिजनों से बातचीत की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
🗣️ प्रत्यक्षदर्शी क्या बोला

मृतक के साथी नछत्तर सिंह ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे वे दोनों ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। तभी सामने से पुलिस और एक गाड़ी के बीच पीछा और फायरिंग हो रही थी। इसी दौरान एक गोली गुरप्रीत की आंख में लगी, जिससे वह मौके पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
👮 पुलिस का बयान
डीएसपी अंबाला रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस गौ तस्करों का पीछा कर रही थी। इस दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सीआईए की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
🏛️ मंत्री का बयान
घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज नागरिक अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
श्री विज ने आज प्रात: अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल में पहुंच मृतक के परिजनों को इस मामले में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही एसपी को फोन मिलाते हुए मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
वहीं, पत्रकारों से बातचीत के दोरान उन्होंने बताया कि रात्रि गौ तस्कर थे जोकि गौ लेकर जा रहे थे और जैसे ही पुलिस को पता लगा तो हमारी पुलिस की दो जिप्सियां पीछे लगी। आरोपियों ने गोलियां चलाई जोकि उनके हलके के गांव गरनाला निवासी युवक गुरप्रीत सिंह को लगी। पोस्टमार्टम में यह साफ होगा कि गोली किसकी लगी। उन्होंने इस मामले में अम्बाला एसपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल्द आरोपियों को पकड़ा जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार गौ तस्करों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
