
अंबाला, 14 मई।
मानसून सीजन को देखते हुए अंबाला प्रशासन द्वारा बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए बुधवार को बड़े स्तर पर मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस मॉकड्रिल में प्रशासन, पुलिस विभाग, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, आर्मी, सिविल डिफेंस और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना रहा।
मॉकड्रिल के दौरान प्रशासन ने बाढ़ की काल्पनिक स्थिति तैयार की, जिसके बाद रेस्क्यू टीमों ने फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। कई स्थानों पर रस्सियों और सीढ़ियों की सहायता से लोगों को इमारतों से सुरक्षित नीचे उतारा गया, जबकि जलभराव की स्थिति में नावों के माध्यम से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आपात स्थिति में मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने का प्रदर्शन किया। वहीं एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने राहत एवं बचाव उपकरणों के उपयोग की जानकारी भी दी।
अंबाला कैंट की SDM कनिका गोयल ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और लोगों को आपदा के समय सतर्क एवं जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें, इसके लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
