ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को पौधारोपण में अवश्य शामिल करें: डॉ. अनुपमा आर्य
एक पेड़ माँ के नाम मुहिम के तहत आर्य कॉलेज (सह-शिक्षण) के प्रांगण में भारत विकास परिषद, विवेक शारदा, अम्बाला छावनी, इको क्लब एवं एन.सी.सी. के संयुक्त तत्वावधान में फल-फूलों के पौधे लगवाए गए। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरूग्राम विश्वविद्यालय के कुलसचिव आदरणीय संजय अरोड़ा रहे। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम एक ऐसा अभियान है जो माताओं के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ लाता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य माताओं के सम्मान में एक पेड़ लगाना है जो न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है बल्कि एक स्थायी स्मृति भी बनाता है। उन्होंने कहा कि हमारे महाविद्यालय में चारों तरफ हरियाली है और पौधारोपण का कार्य कॉलेज प्रांगण और आस-पास के क्षेत्रों में भी करते रहते हैं। यह एक पुण्य कार्य है इसमें सभी को शामिल होना चाहिए। ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को ज्यादा से ज्यादा लगाने का कार्य अवश्य करें। अगर हो सके तो आम की गुठलियों को भी पुनः प्रयोग कर वृक्ष बनाएं। इस अवसर पर मुख्यातिथि श्री संजय अरोड़ा, श्री सुरेश शर्मा, जिला समन्वयक, अशोक सूद, पूर्व अध्यक्ष, मनीष गुप्ता, शाखा अध्यक्ष, डॉ. मदन सिंह, शाखा सचिव, श्री वी.के. थापर, संयोजक पर्यावरण, श्री कंवल भनोट, पूर्व जिला समन्वयक एवं महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य, डॉ. अनीता गोदारा, इको क्लब अध्यक्ष, डॉ. पंकज धांगड़, एन.सी.सी. सी.टी.ओ. एवं कैड्टस द्वारा पौधारोपण किया गया। यह हरियाली महोत्सव प्रतिवर्ष पूरे जुलाई माह में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर मनाया जाता है जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, आपसी समरसता एवं मानव सभ्यता को बचाना है, प्रत्येक प्राणी का दायित्व बनता है कि वो सावन माह में अधिक से अधिक पौधे लगाएं क्योंकि इस समय पौधे बहुत जल्दी पनपते हैं। प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य ने आज के मुख्य अतिथि को पौधा, अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। भारत विकास परिषद विवेक अम्बाला छावनी के सदस्यों ने महाविद्यालय की हरियाली की सराहना की। इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अनीता गोदारा एवं डॉ. पंकज धांगड़ ने किया तथा श्री राजदेव व माली बब्बन के सहयोग से पौधारोपण का नेक कार्य सम्पन्न हुआ।