
अम्बाला 3 जनवरी 2026: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ट्रेनिंग को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने जिला अध्यक्षों को भी वही सिखाएंगे कि कैसे एक्शन करना है और चुनाव हारना है। विज ने कहा कि कांग्रेस ने इतने वर्षों में जो-जो कदम उठाए हैं, उनका नतीजा केवल चुनावी हार के रूप में सामने आया है और अब वही अभ्यास जिला अध्यक्षों को सिखाया जाएगा।
कानून व्यवस्था पर हुड्डा को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के इस बयान पर कि हरियाणा में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं बची, अनिल विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अब तक लगभग 1500 असामाजिक तत्वों को जेल में डाला है और बाकी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। विज ने पूछा कि हुड्डा अपने शासनकाल के आंकड़े भी सामने रखें कि उन्होंने कितने एंटी सोशल एलिमेंट्स को पकड़ा।
श्रम विभाग घोटाले पर प्रतिक्रिया
श्रम विभाग में घोटाले के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी नेता अनुराग ढांडा के बयान पर विज ने कहा कि उन्हें विषय की पूरी जानकारी नहीं है। यह योजना वर्ष 2007 से चल रही है और जांच के बाद ही सामने आएगा कि किस सरकार के समय कितना घोटाला हुआ।
RSS पर मोहन भागवत के बयान पर टिप्पणी
मोहन भागवत के इस बयान पर कि संघ को केवल भाजपा के नजरिए से न देखा जाए, विज ने कहा कि आरएसएस विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। इसके अलग-अलग प्रकोष्ठ स्वतंत्र रूप से काम करते हैं और अपने निर्णय स्वयं लेते हैं।
मानेसर घोटाले पर बोले – जो करेगा वही भरेगा
मानेसर घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर हुड्डा सहित 37 लोगों पर आरोप तय होने के मामले में विज ने कहा कि जो करेगा वही भरेगा। उन्होंने कहा कि जो कुछ वर्षों में किया गया, वह अब सामने है। कोर्ट के निर्णय पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
अंबाला–शामली रिंग रोड को लेकर निर्देश
अनिल विज ने NHAI अधिकारियों को अंबाला से शामली तक रिंग रोड का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी क्षेत्र के चारों ओर रिंग रोड से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दिल्ली जाने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।
