पंजोखरा साहिब के निवासियों को रिंग रोड पर तीन अंडरपास व सर्विस दिखाया नक्शा, संतुष्टि जताई

अम्बाला/चंडीगढ़, 30 अप्रैल – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला में बन रही रिंग रोड से गांव पंजोखरा साहिब की ओर आना-जाना बेहद आसान होगा। रिंग रोड तक आने-जाने के लिए गांव पंजोखरा साहिब में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा तीन अंडरपास तथा लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सर्विस लेन बनाई जा रही है। श्री विज आज अपने आवास पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों से चर्चा के उपरांत गांव पंजोखरा साहिब के निवासियों से बातचीत कर रहे थे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि रिंग रोड से दूसरी तरफ भी आने-जाने के लिए गांव के निवासियों को दिक्कत नहीं होगी और निश्चित अंतराल के बाद तीन अंडरपास यहां पर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा साहिब के ठीक पास से एक सर्विस लेन भी बनाई जा रही है जिसकी कनेक्टिविटी रिंग रोड पर होगी। इससे पहले एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीके सिन्हा ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को बताया कि रिंग रोड पर जो तीन अंडरपास हैं वह जड़ौत-पंजोखरा साहिब रोड, बसौली-पंजोखरा साहिब रोड और तिसम्बली-पंजोखरा साहिब रोड पर है। तीनों अंडरपास के जरिए ग्रामवासी रिंग रोड के दोनों तरफ आसानी से आ-जा सकेंगे और रिंग रोड पर भी चढ़ने के लिए सर्विस लेन से रास्ता उपलब्ध होगा। वहीं इस मौके पर मौजूद गांव पंजोखरा साहिब निवासियों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयासों से बनाई जा रही रिंग रोड के लिए उनका धन्यवाद जताया। ग्रामवासियों ने कहा कि गांव में ही रिंग रोड पर तीन अंडरपास और सर्विस लेन बनने से उन्हें आने-जाने में दिक्कत उत्पन्न नहीं होगी। गौरतलब है कि पूर्व में पंजोखरा साहिब के निवासियों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज से मुलाकात करते हुए उन्हें रिंग रोड तक आने-जाने के लिए सर्विस लेन बनाने की मांग की थी जो अब पूरी हो चुकी है।
