
दिल्ली हाईकोर्ट की कार्रवाई, अभिषेक बनर्जी के आरोप, प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बोले हरियाणा के कैबिनेट मंत्री

अम्बाला, 15 मई। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर कई राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू किए जाने पर विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी संस्था का सम्मान नहीं करती और अब कोर्ट उन्हें अच्छा सबक सिखाएगी।
अनिल विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी न तो CBI को मानती है, न पुलिस को और न ही कोर्ट को। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी संस्थाओं का सम्मान करना जरूरी है और यदि कोई लगातार संस्थाओं पर सवाल उठाता है तो न्यायपालिका अपना काम करना जानती है।
वहीं TMC सांसद अभिषेक बनर्जी द्वारा पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों में हेराफेरी के लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश को स्वीकार करना सबसे बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने चुनाव परिणामों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए अब उन्हें भी नतीजे स्वीकार कर लेने चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों के दौरे को लेकर भी अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विदेशों से संबंध देश के अब तक के प्रधानमंत्रियों की तुलना में बेहतर हैं। विज बोले कि प्रधानमंत्री समय-समय पर विभिन्न देशों के नेताओं से मिलते रहते हैं और भारत से जुड़े मुद्दों तथा वैश्विक समस्याओं पर चर्चा करते हैं।
देश में बढ़े पेट्रोल और डीजल के दामों पर भी अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत का लगभग 25 प्रतिशत तेल और गैस Hormuz रूट से होकर आता है और फिलहाल वहां की स्थिति प्रभावित होने के कारण इसका असर ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है।
